संसद में किसान आंदोलन पर मचे बवाल के बीच गुरुवार को राज्यसभा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने किसानों और सरकार की बातचीत में सरकार के एक नेता के ना रहने पर सवाल खड़े किए. दिग्विजय ने कहा कि किसानों के साथ वार्ता में अगर राजनाथ सिंह होते तो बेहतर होता. उन्होंने कहा कि पीयूष गोयल किसानों से क्या बात करेंगे, रखना था तो राजनाथ सिंह को रखना चाहिए था.
आपको बता दें कि किसानों से वार्ता के लिए केंद्र सरकार की तरफ से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पीयूष गोयल और वाणिज्य राज्यमंत्री सोम प्रकाश शामिल होते रहे हैं. इससे पहले किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बीते दिनों वार्ता के लिए गठित समिति में राजनाथ सिंह को शामिल न किए जाने पर आश्चर्य जताया था.