बंगााल चुनाव से पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर खूब सियासत हो रही है. पहले ममता बनर्जी ने ऐलान किया कि 23 जनवरी का दिन पूरे प.बंगाल में 'देश नायक दिवस' के तौर पर मनाया जाएगा, साथ ही ये भी कहा कि नेताजी के लिए आजादी के बाद से अबतक कुछ खास नहीं हुआ, पीएम को चिट्ठी भी लिखी. इसके बाद बीजेपी ने भी एक के बाद एक कई ऐलान कर डाला. अब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके को 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाने के लिए कोलकाता जाएंगे. इस अवसर पर PM मोदी एक स्थायी प्रदर्शनी और नेताजी पर एक प्रोजेक्शन मैपिंग शो का उद्घाटन करेंगे. यही नहीं एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे. बता दें कि जहां ममता सरकार ने नेताजी के जन्मदिन को जहां 'देश नायक दिवस' के तौर पर मनाने का फैसला लिया है वहीं भारत सरकार ने हर साल 23 जनवरी को 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाने का फैसला लिया है.