कर्नाटक ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केंद्र सरकार से राज्य ने 1500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की एक लाख शीशियां मुहैया कराने का अनुरोध किया है. कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने बताया कि जिस तेजी से कोरोना का संक्रमण आगे बढ़ रहा है उसे देखते हुए लगता है कि एक महीने में हमें 1500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत हो सकती है. इस संबंध में मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा है. कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने राज्य में प्रमुख ऑक्सीजन उत्पादकों के साथ बैठक की. इनमें JSW स्टील सबसे बड़ी कंपनी है. मंत्री ने बताया कि बैठक के बाद JSW स्टील ने पिछले दो दिनों में बेंगलुरु के लिए आवश्यक 40 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की.