कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक बार फिर से मोदी सरकार (Modi Govt) पर हमला बोला है. राहुल ने लोगों से कहा कि कोरोना (Covid-19) से खुद अपना ख्याल रखिए, क्योंकि भारत सरकार चीजों को बेचने में व्यस्त हैं. राहुल ने देश में कोविड-19 महामारी के मामलों में बढ़ोतरी को चिंताजनक करार देते हुए गुरुवार को कहा कि टीकाकरण (Vaccination) की गति तेज करने की जरूरत है ताकि अगली लहर में महामारी के गंभीर प्रभाव से बचा जा सके.
राहुल गांधी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की और नेशनल मोनेटाइजेशन पाइपलाइन का हवाला देते हुए यह आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस समय 'बेचने' में लगी हुई है. उन्होंने ट्वीट किया, "कोविड की बढ़ती संख्या चिंताजनक है. अगली लहर में गंभीर परिणामों से बचने के लिए टीकाकरण की गति बढ़ाई जानी चाहिए. कृपया अपना ख्याल खुद रखें क्योंकि भारत सरकार बिक्री में व्यस्त है.
बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोविड के मामलों में करीब 23 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटे में 46,164 नए मामले सामने आए हैं और 607 लोगों की मौत हुई है. भारत में सक्रिय मामले की संख्या अभी भी 3,33,725 है.