बिहार पुलिस (Bihar Police) का ध्यान आजकल अपने जवानों के फिटनेस पर है. यही कारण है कि नीतीश सरकार (Nitish Govt) पुलिस वालों के लिए एक नई योजना लेकर आई है. दरअसल खेल-कूद और पीटी-परेड के साथ भारी-भरकम पुलिसवालों के बीच वजन कम करने की प्रतियोगिता कराई जाएगी. जो इस प्रतियोगिता में जीतेगा उसे इनाम दिया जाएगा. बिहार पुलिस के द्वारा जारी आदेश के मद्देनजर कई जिलों में इसपर काम शुरू कर दिया गया है.
हिंदुस्तान अखबार की खबर के मुताबिक लंबाई के अनुपात में ज्यादा वजनदार पुलिसकर्मियों को करीब डेढ़ महीने का समय दिया गया. शुरू में उन्हें पुलिस लाइन में आकर अपना नाम और रैंक के साथ वजन दर्ज कराना होगा. दोबारा अगस्त में उनका वजन लिया जाएगा. इस दौरान सबसे ज्यादा प्रतिशत में वजन घटानेवाले पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आनेवाले पुलिसकर्मियों को इनाम दिया जाएगा.