ये तो हम सब जानते हैं कि पानी पीना स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छा होता है, लेकिन आपको रोज़ाना कितना पानी पीने की ज़रूरत है? इस सवाल के कई जवाब हमने सुने या पढ़े होंगे. आज हम आपको बताएंगे कि इस पर एक्सपर्ट्स का क्या कहना है.
यूरोपियन सोसाइटी ऑफ़ कार्डियोलॉजी कांग्रेस 2021 के दौरान एक रिपोर्ट पेश की गई जिसमें ये बताया गया है कि अगर आप अपने दिल को ताउम्र स्वस्थ रखना चाहते हैं तो रोज़ाना कम से कम 8 गिलास पानी पीना चाहिए. यूनाइटेड स्टेट्स के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ हेल्थ के रिसर्चर्स ने पाया कि अगर आप ताउम्र खुद को हाइड्रेटेड रखते हैं तो ये हार्ट फेलियर के रिस्क को कम कर सकता है.
नतीजों से पता चला है कि आपको अपने रोज़ाना के लिक्विड इन्टेक पर ध्यान देना और अगर आप कम लिक्विड ले रहे हैं तो इसे बढ़ाना ज़रूरी है. तो एक दिन में कितना लिक्विड लेना चाहिए? इसकी मात्रा हर किसी के लिए अलग हो सकती है. रिसर्च के अनुसार, महिलाओं को दिन में 1.6 से 2.1 लीटर और पुरुषों को 2 से 3 लीटर पानी पीना चाहिए. ये तो बड़ा ही आसान लग रहा है ना? लेकिन सर्वे का कहना है कि 2 में से 1 व्यक्ति अपनी रोज़ाना की लिक्विड की ज़रूरत को पूरा नहीं कर रहा है.
NIH के लेखक का कहना है कि डिहाइड्रेशन एक बड़ी समस्या है और ये आपके शरीर के लिए परेशानी पैदा कर सकता है क्यूंकि पानी की कमी के कारण ब्लड में सॉल्ट की मात्रा बढ़ने लगती है और इसके 142 मिलिमोल्स पर लीटर पहुंचने पर हार्ट फेलियर तक हो सकता है. तो अगर आप भी कम पानी पी रहे हैं तो आज से ही पानी की मात्रा को बढ़ा दीजिये.