पूर्व भारतीय क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) और वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) ने फ्रेंच ओपन (French Open) का खिताब जीतने पर दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) की तारीफ की, और उन्हें बधाई दी है. जहां तेंदुलकर ने जोकोविच की "मानसिक दृढ़ता" की प्रशंसा की, वहीं लक्ष्मण ने "आत्म-विश्वास" के लिए जोकोविच की सराहना की.
सचिन ने ट्वीट किया कि क्या फाइनल था! कुछ कठिन मैचों के बाद नोवाक की शानदार वापसी. वह शारीरिक रूप से मजबूत, सामरिक रूप से स्मार्ट और मानसिक रूप से मजबूत ( Mentally tough) थे, जिसके कारण उन्होंने फाइनल जीता. साथ ही सचिन ने कहा कि सितसिपास का भी खेल अद्भुत था और मुझे यकीन है कि वह आने वाले वर्षों में कई ग्रैंड स्लैम खिताब जीतेंगे.
वहीं लक्ष्मण ने ट्वीट किया कि नोवाक जोकोविच को उनका 19वां ग्रैंड स्लैम जीतने पर बहुत-बहुत बधाई. पिछड़ने के बाद वापस आना, और जिस तरह से उसने जीत हासिल की, उसने अपार आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता को दिखाया. सही मायने में नोवाक चैंपियन है. बता दें कि खिताबी मुकाबले में ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास को हराकर जोकोविच ने अपने करियर में दूसरी बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता.