26 जनवरी के दिन लाल किला पर धार्मिक झंडा फहराने और दंगा करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने देशद्रोह और UAPA के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल करेगी. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले में आरोपी दीप सिद्धू, लक्खा सिधाना और अन्य लोगों की जल्द गिरफ्तारी का आदेश दे दिया है. पुलिस की तरफ से गणतंत्र दिवस को हुई हिंसा के मामले में अब तक 33 FIR दर्ज की जा चुकी हैं. बुधवार को दिल्ली के पुलिस कमिनश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कहा था कि हिंसा में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और अब तेजी से इस मामले में कार्रवाई करती नजर आ रही है.