बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हो रहा मतदान शनिवार शाम को खत्म हो जाएगा. इसके बाद सभी की निगाहें 10 नवंबर यानी मतगणना पर है. बिहार में इस बार चुनाव परिणाम पिछले चुनाव की तुलना में देरी से आएगा. आमतौर पर परिणाम दोपहर तक आ जाता है लेकिन इस बार शाम हो सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोना के मद्देनजर इस बार पोलिंग बूथ की संख्या बढ़ाई गई है. चुनाव आयोग ने 1000 से अधिक मतदाता होने पर नया बूथ बनाने का निर्देश दिया था. इसकी वजह से EVM की संख्या भी बढ़ी है. ऐसे में काउंटिंग का समय भी बढ़ेगा और नतीजे देरी से मिलने के आसार रहेंगे.