कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है. लेकिन केरल में एक चौंकाने वाला आंकड़ा देखने को मिला है. मई 2020 से लेकर 4 जनवरी, 2021 तक केरल में विदेश से करीब 8.43 लाख लोग लौटकर आ चुके हैं. इनमें से 5.52 लाख लोगों की नौकरी चली गई. जाहिर है इससे केरल की अर्थव्यवस्था को तगड़ा झटका लगेगा. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक केरल में 2018 में कुल 85000 करोड़ रुपये विदेश में काम करने वाले राज्य के लोगों ने भेजे थे. इसके बाद 2020 में इसके 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था. लेकिन इस वित्तीय वर्ष में इसमें 10 से 15 फीसदी तक की कमी हो सकती है.