एक दिन की राहत के बाद से देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ गई है. बुधवार को आए आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में देश में 13 हजार 742 नए केस दर्ज किए गए जबकि 104 लोग कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए. इससे पहले मंगलवार को 10 हजार 584 केस ही आए थे. सबसे ज्यादा चिंता महाराष्ट्र से आने वाले आंकड़े बढ़ा रहे हैं. यहां 24 घंटे में 6,218 नए मरीज मिले हैं और 51 मरीजों की मौत हुई है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को राज्य में 5,210 नए मामले सामने आए थे. मुंबई में सोमवार को कोरोना संक्रमितों के मौत की संख्या शून्य थी लेकिन मंगलवार को यहां आठ मरीजों की मौत हो गई और 643 नए संक्रमित मामले सामने आए. महाराष्ट्र में सबसे खराब हालत पुणे की है जहां 1,288 नए मरीज सामने आए हैं. बहरहाल देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 10 लाख 30 हजार 176 हो गए हैं. एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1 लाख 46 हजार 907 हो गई है.