घरवालों के साथ बैठ कर फूली हुई गरमा गर्म गेहूं के आटे की बनी रोटी खाने का मज़ा ही कुछ और है. लेकिन क्या कभी आपको भी लगता है कि रोज़ एक जैसी रोटी खाकर आप बोर हो गए हैं? या अगर आपको ग्लूटन से एलर्जी है तो हम आपको बताएंगे गेहूं से बनी रोटी के कुछ विकल्प जिन्हें आप सबके साथ बैठकर अपनी पसंदीदा दाल, मटन करी या शाही पनीर के साथ एन्जॉय कर सकते हैं. आ गया ना मुंह में पानी.. चलिए आपको बताते हैं गेहूं के आटे के कुछ हेल्दी अल्टेरनेटिव्स
रागी
रागी एक ऐसा अनाज है जिसे सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है. रागी को फिंगर मिलेट भी कहा जाता है. भारत में, रागी सबसे ज़्यादा कर्नाटक में उगाया जाता है लेकिन ये आपको हर जगह मिल जाएगा. रागी के आटे की बनी रोटियां प्रोटीन से भरपूर होती हैं और ग्लूटन फ्री होने की वजह से ये आपको किसी तरह का नुकसान भी नहीं पहुंचाती.
बेसन
बेसन के चीले और पकौड़े तो आपने खूब खाये होंगे. अब आप इसकी रोटी भी ट्राई कीजियेगा. अगर आप गेहूं के आटे की रोटी से बोर हो गए हैं तो बेसन की रोटी भी खा सकते हैं. ये टेस्टी भी है और हेल्दी भी. बेसन में मौजूद प्रोटीन आपकी भूख को कंट्रोल करने में मदद करेगा.
बादाम
बादाम को ज़्यादातर गार्निश करने या स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप बादाम की रोटी बना कर भी का सकते हैं? पिसे हुए बादाम की रोटी ग्लूटन फ्री होती है और इसमें प्रोटीन और मोनोसेचुरेटेड फैट की मात्रा ज़्यादा होती है. इसलिए आप इसे गेहूं के आटे की जगह इस्तेमाल कर सकते हैं.
बाजरा
बाजरे का आटा फाइबर, आयरन और कैल्शियम से भरपूर होता है. ये ना सिर्फ पाचन क्रिया को ठीक रखता है बल्कि कई बीमारियों से दूर रखने में भी मददगार है. बाजरे की रोटी को भाखरी भी कहा जाता है. लहसुन की तीखी चटनी के साथ बाजरे का नटी फ्लेवर लोगों को बहुत पसंद आता है.
ओट्स
ओट्स दुनिया भर में लोगों का सबसे पसंदीदा अनाज बन चुका है. ये फाइबर से भरपूर होने के साथ साथ ब्लड में शुगर लेवल को कंट्रोल करने में भी आपकी मदद करता है. अपनी पसंदीदा सब्ज़ी के साथ ओट्स की बनी रोटियां भी आप ट्राई कर सकते हैं.
कुट्टू का आटा
भारतीय घरों में कुट्टू का सबसे ज़्यादा इस्तेमाल अक्सर व्रत के दौरान किया जाता है. कुट्टू का हलवा हो या चीले सभी लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं. आप कुट्टू के आटे की रोटियां बनाकर भी खा सकते हैं. ये फाइबर और आयरन से भरपूर होता है.
स्वाद में भरपूर और बनाने में आसान इन अलग अलग तरह की रोटियों को खाकर आप भी इनके दीवाने हो जाएंगे.