फलीस्तीन के साथ सीजफायर के बीच बांग्लादेश के इजरायल से संबंध सुधार की ओर बढ़ रहे हैं. बांग्लादेश (Bangladesh) ने अपने पासपोर्ट(passport) पर लिखी शर्त, 'ये पासपोर्ट इजराइल(Israel) को छोड़कर दुनिया के सभी देशों के लिए मान्य है' को हटा लिया है. अब बांग्लादेश ने अपने पासपोर्ट को पूरी दुनिया के लिए वैध बना दिया है. हालांकि बांग्लादेश ने इजराइल की यात्रा पर प्रतिबंध(Travel ban) वाली उसकी दशकों पुरानी नीति में कोई बदलाव नहीं किया. इजराइली विदेश मंत्रालय ने भी बांग्लादेश के फैसले का स्वागत किया है.
रविवार को ढाका में बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉक्टर एके अब्दुल मोमेन ने साफ किया कि, इजरायल को लेकर उसकी नीति में, उसके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है. वो अब भी इजरायल को मान्यता नहीं देते हैं और यात्रा पर बैन लागू रहेगा. उन्होंने बताया कि हमने पासपोर्ट से ये वाक्य हटाने का निर्णय छह महीने पहले ही ले लिया था जब हमने ई-पासपोर्ट लॉन्च किया था.