आज दंगल गर्ल बबीता कुमारी फोगाट का जन्मदिन है. बबीता का जन्म 20 नवंबर 1989 को भिवानी में हुआ था. वह भारतीय महिला पहलवान हैं. बबीता फोगाट ने साल 2014 में ग्लास्गो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल किया. इससे पहले बबीता वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में कांस्य और CWG में रजत पदक हासिल कर चुकी थीं. बबीता की बड़ी बहन गीता फोगाट ने साल 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था. अब तक रेसलर बबीता फोगाट ने अपने करियर में कुल 7 पदक जीते हैं, जिसमें 4 गोल्ड मेडल, 2 ब्रॉन्ज और एक सिल्वर मेडल शामिल है. बबीता फोगाट बीजेपी की नेता भी हैं. उन्होंने बीजेपी के टिकट पर हरियाणा विधानसभा के लिए चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा.