कोरोना ने दुनियाभर में आय की असमानता को बेतहाशा बढ़ा दिया है. जहां अरबपति और 35 फीसद अमीर हो गए हैं वहीं करीब 50 करोड़ लोग गरीब हो गए हैं. गरीबी उन्मूलन के लिए काम करने वाली संस्था ऑक्सफ़ैम की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोनावायरस के चलते लगे लॉकडाउन के दौरान भारतीय अरबपतियों की संपत्ति करीब 35 प्रतिशत तक बढ़ी, जबकि इस दौरान करोड़ों लोगों की नौकरी चले जाने से उनपर रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया. Oxfam की इस 'इनइक्वालिटी वायरस' रिपोर्ट में कहा है कि मार्च 18 से दिसंबर 31, 2020 तक दुनिया के 10 पहले अरबपतियों की संपत्ति में 540 बिलियन डॉलर का इज़ाफा हुआ है. तो वहीं इस दौरान महामारी के चलते करोड़ों लोग अपनी नौकरी खो बैठे और बहुत से लोग लोग भुखमरी के कगार पर आ गए. रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान ऐसा अनुमान है कि कम से कम 20 करोड़ से 50 करोड़ लोग गरीब हो गए हैं.