बीजेपी में दरकिनार चल रहे वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने अब तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया है. वायपेयी सरकार में वित्त मंत्री और विदेश मंत्री रह चुके यशवंत सिन्हा शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे और TMC की सदस्यता ली. विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ममता के खेमे में यशवंत के जाने को BJP के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. खुद यशवंत सिन्हा ने कहा कि ममता बनर्जी के साथ नंदीग्राम में जो कुछ भी हुआ उसी ने उन्हें TMC ज्वाइन करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही उन्होंने ये भी जोड़ा कि BJP अब अटल जी के समय वाली पार्टी नहीं रह गई है. अब वो विरोधियों को कुचलने और जीतने में विश्वास करती है. इसी वजह से अकाली दल और BJD ने उनका साथ छोड़ा. हालांकि फिलहाल ये तय नहीं है कि बंगाल चुनाव में यशवंत की क्या भूमिका रहेगी लेकिन माना जा रहा है कि ममता बनर्जी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती हैं.