पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा(West Bengal election) के चौथे चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इस चरण में राज्य के पांच जिलों कूचबिहार, अलीपुरद्वार, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और हुगली की 44 सीटों पर मतदान जारी है. वोटिंग के चौथे फेज(Fourth Phase Polling) में विभिन्न दलों के 373 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनका भाग्य आज EVM में बंद हो जाएगा. निष्पक्ष वोटिंग के लिए चुनाव आयोग की तरफ से 15,940 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 789 टुकड़ियों को तैनात किया गया है.
वोटिंग को लेकर बंगाल की जनता में भी खासा उत्साह है और सुबह सात बजे से पहले ही कई मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें दिखाई दीं. जो दिग्गज इस चरण में चुनाव मैदान में हैं वो हैं- टॉलीगंज से बीजेपी उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो, बेहाला पश्चिम सीट से टीएमसी के महासचिव पार्थ चटर्जी, दोमजुर सीट से TMC छोड़ बीजेपी में आये राजीब बनर्जी और चुंचुरा सीट से बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी.
2016 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने इस चरण की 44 सीटों में से 39 पर जीत दर्ज की थी लेकिन इस बार मुकाबला कड़ा है. शनिवार सुबह पीएम मोदी ने बांग्ला में ट्वीट कर मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने का आग्रह किया है.