तमिलनाडु पुलिस ने एक 22 वर्षीय महिला को अपने दो साल के बच्चे को बेरहमी से पीटने के आरोप में गिरफ्तार किया है. बच्चे को मारने का हैरान करने वाला कई वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए महिला को गिरफ्तार किया है. फरवरी में शूट किए गए इस वीडियो के जरिए महिला की पहचान तुलसी के रूप में हुई है. वीडियो में ये महिला अपने ही 18 महीने के बच्चे के मुंह पर बेरहमी से मारते हुए साफ देखी जा सकती है. महिला ने बच्चे को इतनी बेरहमी से मारा कि इसके नाक और मुंह से खून निकलने लगा. हालांकि उसके बावजूद भी महिला बच्चे को मारती रही. हैरानी की बात यह है कि तुलसी अक्सर अपने बच्चे को मारती थी और उसे अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी कर लेती थी. वहीं एक दूसरे वीडियो में बच्चे की पीठ पर कई निशान दिखाई दे रहे हैं, जिससे लग रहा है कि शायद बच्चे को छड़ी से मारा गया होगा.
बता दें कि तुलसी की शादी चार साल पहले शादी हुई थी, लेकिन पति से लगातार झगड़े के बाद उसका तलाक हो गया. अब महिला अपने दो बच्चों के साथ आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में अपनी मां के पास रह रही है. तमिलनाडु पुलिस ने उसे उसकी मां के घर चित्तूर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक महिला दूसरी शादी करना चाहती है. यही नहीं बच्चे का जन्म सिजेरियन डिलिवरी से हुआ था, जिसके बाद से महिला को कुछ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी होने लगी थीं.
पर जो कोई भी ये वीडियो देख रहा है वो हैरान है कि कैसे कोई मां अपने ही बच्चे को इस कदर बेरहमी से मार सकती है.