अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने शुक्रवार को लॉस एंजिलिस के मेयर एरिक गार्सेटी (Eric Garcetti) को भारत में अमेरिका के राजदूत ( US ambassador to India) के रूप में नामित किया. वाइट हाउस के अनुसार अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट से मंजूरी मिलने के बाद 50 वर्षीय गार्सेटी मौजूदा राजदूत केनथ जस्टर का स्थान लेंगे. केनथ जस्टर को पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के समय भारत में अमेरिका का राजदूत नियुक्त किया गया था.
वाइट हाउस ने कई अन्य राजदूतों के साथ उनके नामांकन की घोषणा करते हुए कहा कि एरिक एम गार्सेटी 2013 से लॉस एंजिलिस शहर के मेयर रहे हैं और उनके पास शानदार अनुभव है. एरिक इस समय लॉस एंजिलिस मेट्रो के प्रमुख हैं. इसके साथ ही एरिक सी40 के प्रमुख भी हैं. C40 दुनिया की 97 सबसे बड़े शहरों का नेटवर्क है, जो जलवायु संबंधित मामलों पर काम करता है.