गृहमंत्री अमित शाह ने बीते साल दावा किया था कि पश्चिम बंगाल के हर ज़िले में बम बनाने वाली फैक्ट्रियां हैं लेकिन अब खुद उनके ही मंत्रालय ने ऐसी कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया है. दरअसल एक RTI के जरिए पूछे गए सवाल के जवाब में गृहमंत्रालय ने 3 मार्च 2021 को कहा है कि उनके मंत्रालय के पास ऐसी कोई भी जानकारी नहीं है. बता दें कि आरटीआई कार्यकर्ता साकेत गोखले ने गृह मंत्रालय से पश्चिम बंगाल में बम फैक्ट्रियों का जिलावार ब्यौरा मांगा था. इसमें उन्होंने पूछा था कि क्या गृह मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर अमित शाह को बम फैक्ट्रियों के बारे में जानकारी दी थी? इसी के जवाब में गृह मंत्रालय ने गोखले को पश्चिम बंगाल प्रशासन से संपर्क करने का सलाह दी है और कहा है कि पुलिस और सार्वजनिक व्यवस्था राज्य के विषय हैं. उधर आरटीआई जानकारी के सामने आने के बाद टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा पर चुनावी फायदे के लिए पश्चिम बंगाल की छवि खराब करने का आरोप लगाया है.