केंद्र सरकार की ओर से ट्विटर को 1,178 अकाउंट्स बंद किए जाने के निर्देश के बाद मंगलवार को Twitter ने सरकार से बातचीत की इच्छा जताई है. सरकार का आरोप है कि इन खातों के जरिए किसान आंदोलन को लेकर गलत जानकारी फैलाई गई है. ट्विटर ने कहा कि वो सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद से औपचारिक तौर पर बातचीत करना चाहता है. माइक्रो ब्लॉगिंग प्लैटफॉर्म का ये भी कहना है कि उसके कर्मियों की सुरक्षा उसकी टॉप प्रॉयोरिटी है. ट्विटर के प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने जो रिपोर्ट्स भेजी हैं, उसे लेकर जो भी अपडेट है वो कंपनी ने सरकार से साझा किया है. आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने ट्विटर को अकाउंट्स बंद करने की बात कहते हुए चेतावनी भी दी थी. सरकार ने कहा था कि अगर ट्विवटर ने उसके निर्देशों का पालन नहीं किया तो उसपर कार्रवाई हो सकती है.