आज सुप्रीम कोर्ट के 9 नए जज शपथ लेंगे. चीफ जस्टिस एनवी रमना उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे. शीर्ष अदालत के इतिहास में यह पहली बार है जब 9 न्यायाधीश एक साथ पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह सुप्रीम कोर्ट के नए भवन में बने सभागार में होगा. इस ऑडिटोरियम में 900 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. पहली बार जजों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा.
मंगलवार को 9 नए न्यायाधीशों के शपथ लेने के साथ सुप्रीम कोर्ट में प्रधान न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों की संख्या 33 हो जाएगी. सर्वोच्च न्यायालय में CJI समेत कुल 34 न्यायाधीश हो सकते हैं.
जिन जजों को शपथ दिलाया जाएगा उनमें जस्टिस एएस ओका, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस जेके माहेश्वरी, जस्टिस हिमा कोहली, जस्टिस बीवी नागरत्ना, जस्टिस बेला त्रिवेदी, जस्टिस सीटी रविंद्र कुमार, जस्टिस एमएम सुंदरेश और वरिष्ठ वकील पी एस नरसिम्हा शामिल हैं.