CBI का अगला चीफ कौन होगा इस पर मंथन जारी है लेकिन दो नाम इस रेस से बाहर जरूर हो चुके हैं. ये दो नाम हैं बीएसएफ चीफ राकेश अस्थाना (Rakesh Asthana) और एनआईए चीफ वाईसी मोदी (YC Modi). दोनों ही अफसर केंद्र सरकार के चहेते माने जाते हैं और सरकार का एक धड़ा इनके पक्ष में भी था लेकिन सीबीआई चीफ की नियुक्ति के लिए तय हाई पवार कमेटी में शामिल चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमन्ना की एक दलील के चलते इन दोनों का पत्ता कट गया.
जानकरी के मुताबिक चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने कमेटी के सामने 'सिक्स मंथ रूल' का जिक्र किया. दरअसल साल 2006 में सुप्रीम कोर्ट ने एक फैसल देते हुए कहा था कि 6 महीने से कम के कार्यकाल वाले किसी भी अधिकारी को प्रमुख के पद के लिए शामिल नहीं किया जा सकता. इस फैसले के केंद्र में पुलिस प्रमुखों के कार्यकाल और चयन में आने वाली समस्याओं को ठीक करना था. आपको बता दें राकेश अस्थाना 31 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं और वाईसी मोदी का कार्यकाल भी 31 मई को खत्म हो रहा है. यानी दोनों के ही कार्यकाल के छह से कम महीने बचे हैं.