उत्तराखंड के नए नवेले सीएम तीरथ सिंह रावत एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं. रविवार को प्रदेश के रामनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम साहब की जुबान फिसल गई और वो बोल गए कि अमेरिका ने भारत पर 200 साल तक राज किया. दरअसल रावत कोरोना और इस से लड़ने की स्थिति का जिक्र कर रहे थे और तभी बोले कि अमेरिका ने हम पर 200 से ज्यादा सालों तक राज किया लेकिन वो आज कोरोना के खिलाफ संघर्ष कर रहा है. सीएम साहब भूल गए कि भारत अमेरिका नहीं बल्कि ब्रिटेन का गुलाम था. इतना ही नहीं इसी कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर आपको ज्यादा राशन चाहिए तो आपको ज्यादा बच्चे पैदा करने होंगे. रावत इस से पहले रिप्ड जीन्स और महिलाओं के पहनावे को लेकर ट्रोल हो चुके हैं और उन्हें अपने बयानों पर माफी मांगनी पड़ी थी.