कोरोना वैक्सीनेशन (corona vaccination) क्या कमाल कर सकता है इसका उदाहरण इजरायल और ब्रिटेन (Israel and Britain) से सामने आया है. दोनों देशों ने दोहरी खुशखबरी दी है. इजरायल ने मंगलवार को देश में लागू तमाम कोरोना प्रतिबंधों को हटा लेने (lifting corona restrictions) का ऐलान किया है. दूसरी तरफ ब्रिटेन में करीब 10 महीने बाद मंगलवार को कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है. सबसे पहले बात करते हैं इजरायल की. यहां करीब 80 फीसदी वयस्कों को कोरोना वैक्सीन लगा दी गई है. वैज्ञानिकों का दावा है कि 90 लाख की आबादी वाले इस देश ने हर्ड इम्युनिटी (herd immunity) हासिल कर ली है. लिहाजा यहां अब सभी स्कूल, रेस्त्रां और सिनेमा हॉल खोल दिए गए हैं. , खेल कार्यक्रम और सामुहिक सभाओं की अनुमति मिल गई है. यहां अब बाहर जाने पर मास्क की जरूरत नहीं है.
दूसरी तरफ ब्रिटेन में कोरोना से रविवार को 6 लोगों की, सोमवार को एक शख्स की और मंगलवार को किसी की मौत नहीं हुई. यहां करीब 40 फीसदी आबादी को टीके की दोनों डोज़ मिल चुकी है. हालांकि यहां कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं जिसकी वजह से प्रतिबंध लागू हैं. ब्रिटेन कोरोना से होने वाली मौतों के मामले में दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा देश है.