बीजेपी अनुमान लगा रही थी कि सोमवार शाम पीएम की घोषणा के बाद देश में वैक्सीन को लेकर जारी विवाद शांत हो जाएगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं और विपक्षी दल कांग्रेस ने एक बाए फिर केंद्र सरकार की नीतियों को लचर बताते हुए उसपर सवाल उठाए. पीएम के संबोधन के बाद पार्टी की तरफ से औपचारिक बयान देते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार 16 जनवरी 2021 से लेकर 7 जून 2021 तक तीन बार वैक्सीनेशन पॉलिसी बदल चुकी है और 25 फीसदी खरीद प्राइवेट सेक्टर के लिए ओपन रख कर सरकार ने लोगों को लुटने के लिए छोड़ दिया है.
हालांकि कांग्रेस शासित राज्यों मसलन पंजाब और छत्तीसगढ़ ने केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत किया है. कैप्टन अमरिंदर सिंह बोले कि उन्होंने दो बार केंद्र सरकार को ऐसा निर्णय लेने के लिए लिखा था और अब जब ये तय हो गया है तो वो इसका सम्मान करते हैं. कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी और DMK ने भी सरकार के कदम की सराहना करते हुए इसे देर से लिया गया उचित फैसला बताया है. आपको बता दें की पूर्व में राहुल गांधी भी इस पक्ष में रहे हैं कि वैक्सीन की खरीद केंद्र सरकार करे और इसका वितरण राज्यों को सौंपा जाए.