इंटरनेशनल क्रिकेट के अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा चारों तरफ से वाहवाही बटोर रहे हैं. कृष्णा के पहले मैच में किए गए कमबैक को देखकर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर उनकी गेंदबाजी के मुरीद हो गए हैं. शोएब ने कहा कि जिस तरह से कृष्णा ने अपने दूसरे स्पैल में वापसी की उसे देखकर कहा जा सकता है कि वह एक कृष्णा नहीं बल्कि 'करिश्मा' हैं.अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए शोएब अख्तर ने कहा, 'वह कृष्णा नहीं, करिश्मा हैं. इंग्लैंड के बल्लेबाजों से पिटाई खाने के बाद जिस तरह से उन्होंने वापसी करते हुए चार विकेट झटके वह किसी चमत्कार से कम नहीं है. बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मुकाबले में कृष्णा ने चार विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.