रूस के कजान शहर के एक स्कूल में फायरिंग की घटना हुई है. इस गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं. खबर है कि गोलीबारी की इस घटना में 8 छात्रों की मौत हुई है, जबकि एक टीचर ने भी इस हमले में जान गंवाई है. इंटरफैक्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, दो बंदूकधारियों ने स्कूल में गोलीबारी कर दी. बंदूकधारियों में से एक को पकड़ लिया गया है. उसकी उम्र 17 वर्ष है. घटना की जानकारी मिलते ही दर्जनों की संख्या में एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां वारदात वाली जगह पर पहुंच गई हैं. RIA न्यूज ने बताया कि स्कूल के अंदर धमाके की भी आवाज सुनी गई है. इस घटना के वीडियो फुटेज में यह भी नजर आ रहा है कि स्कूल के बाहर आपात सेवाओं के वाहन तैनात किए गए हैं.