भारत ने सोमवार को वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बना डाला (India Record Covid Vaccination). CoWin App के मुताबिक सोमवार शाम 7 बजे तक देशभर में 86.16 लाख लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी थी. सरकार ने ऐलान किया था कि उसकी कोशिश एक दिन में 1 करोड़ लोगों को वैक्सीनेट करने की है, इसी के तहत वैक्सीनेशन में ये तेजी लाई गई है. सोमवार से 18 प्लस वालों को भी मुफ्त में कोरोना का टीका लगाया जा रहा है.
वहीं इस रिकॉर्ड तोड़ टीकाकरण पर पीएम मोदी (PM Modi) ने खुशी जाहिर करते हुए कहा - आज की रिकॉर्ड तोड़ टीकाकरण संख्या खुश करने वाली है. कोविड-19 से लड़ने के लिए वैक्सीन हमारा सबसे मजबूत हथियार बनी हुई है. उन सभी को बधाई, जिन्होंने टीका लगवाया और सभी फ्रंटलाइन वॉरियर्स को भी बधाई जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि इतने सारे नागरिकों को टीका मिल सके, वेल डन इंडिया.
बता दें कि केंद्र सरकार ने 1 मई को अपनी वैक्सीनेशन नीति (Vaccination Policy) बदलते हुए राज्यों को कहा था कि वो 18-44 साल के लोगों को वैक्सीनेट करें. लेकिन कंपनियों के राज्यों को महंगी वैक्सीन देने के सवाल पर और विदेशी वैक्सीन कंपनियों से भी वैक्सीन न मिलने के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की वैक्सीनेशन नीति की आलोचना करते हुए उसे गलत बताया था. इसके बाद पीएम मोदी ने वैक्सीनेशन नीति में फिर बदलाव का ऐलान करते हुए कहा था कि अब केंद्र ही वैक्सीन की सारी जिम्मेदारी उठाएगी.