कोरोना महामारी के दौरान जब देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित थी, तब भी रेलवे ने 110 करोड़ टन माल ढोया. रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ये आंकड़ा देते हुए कहा कि ये अर्थव्यवस्था की V शेप रिकवरी का एक बड़ा प्रमाण है. शिमला में एक प्रेसवार्ता में रेल मंत्री ने हिमाचल को कई सौगातें भी दीं. उन्होंने कहा कि कालका-शिमला हेरीटेज रेल लाइन पर चलने वाली सभी रेलगाडि़यों के डिब्बों को मॉडर्न डिब्बों से बदला जाएगा, ताकि टूरिस्ट पहाड़ों के सौंदर्य का बेहतर आनंद ले सकें. साथ ही मंत्रीजी ने बताया कि हिमाचल को दिया जाने वाला रेल बजट मोदी सरकार ने सात गुना बढ़ा दिया है.