Congress के भीतर छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) को लेकर मचे घमासान का जल्द ही पटाक्षेप होने का अनुमान है. शुक्रवार शाम राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के आवास पर राज्य के हालात पर एक अहम बैठक हुई जिसमें प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के अलावा केसी वेणुगोपाल और पीएल पुनिया भी शामिल हुए. जानकारी के मुताबिक बैठक में राहुल और भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) के बीच हुई मुलाकात और इसके आधार पर आगे उठाए जा सकने वाले कदमों पर विमर्श किया गया. जानकारी ऐसी भी आ रही है कि राहुल गांधी ने टीएस सिंहदेव को भी दिल्ली तलब किया है. वहीं राहुल गांधी से मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अपना पक्ष आलाकमान के सामने रख दिया है साथ ही राहुल गांधी को अगले हफ्ते छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया है.
इस बीच पार्टी की तरफ से रायपुर और बिलासपुर के मेयर को भी दिल्ली बुलाया गया है. वहीं पूर्व सीएम अजीत जोगी की पत्नी भी दिल्ली में मौजूद हैं. आपको बता दें कि राज्य में कांग्रेस दो खेमों में बंटी हुई है और एक धड़ा चाहता है कि भूपेश बघेल को हटा टीएस सिंहदेव को सीएम बनाया जाए. इस धड़े का ऐसा दावा है कि सरकार गठन के दौरान ऐसा तय किया गया था कि भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव ढाई-ढाई साल के लिए सीएम बनेंगे. हालांकि पार्टी ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.