Punjab Congrss: पंजाब में अपनी ही कैप्टन सरकार के खिलाफ नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) की बयानबाजियों को लेकर अब पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी (Manish Tewari) ने उनपर सीधा हमला बोला है. न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए तिवारी ने कहा- 'राज्य में कोई समस्या नहीं है, केंद्र सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण कुछ मसले हैं. हालांकि यदि कोई इसे ट्विटर या किसी अन्य माध्यम के जरिये निजी एजेंडे पर लेना चाहता है तो AICC के नेताओं को इसे गंभीरता से लेना चाहिए.'
दरअसल बीजेपी से कांग्रेस में पहुंचे सिद्धू काफी समय से सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला बोल रहे हैं, कभी बिजली को लेकर तो कभी दूसरे मुद्दों पर. पर अब पंजाब के आनंदपुर साहिब से से सांसद और सीनियर नेता मनीष तिवारी ने इस मामले में खुले तौर पर कैप्टन का साथ दिया है. तिवारी बोले कि 1966 में जब से पंजाब अलग राज्य बना है तब से किसी भी चुनाव में कोई पार्टी 117 में से 77 सीट नहीं जीत सकी, लेकिन कैप्टन की अगुवाई में कांग्रेस ने वो किया. उपचुनावों में भी जीते, 13 में 8 लोकससभा सीट भी जीती, 90 फीसदी से ज्यादा स्थानीय निकायों में भी जीते. मनीष तिवारी ने कहा कि पंजाब में कैप्टन सरकार अच्छा काम कर रही है, और कुछ लोग बस अपना निजी एजेंडा चला कर पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं. आपको बता दें कि पंजाब में अगले साल चुनाव होने हैं और सिद्धू लगातार हाईकमान पर दबाव बनाने की कोशिश में लगे हैं.