पंजाब कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) और नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) के बीच चल रही नाराजगी के बाद शक्ति प्रदर्शन का दौर शुरू हो चुका है. नवजोत सिंह सिद्ध शनिवार से ही बेहद सक्रिय हैं. वो लगातार पार्टी में अपने समर्थक मंत्री और विधायकों से मुलाकात कर रहे हैं तो वहीं कैप्टन भी सिद्धू को उसी अंदाज में जवाब दे रहे हैं. उनसे भी प्रदेश के मंत्री-विधायक लगातार बैठक कर रहे हैं. इसी क्रम में रविवार को पंजाब के 10 कांग्रेस विधायक खुलकर कैप्टन के समर्थन में आ खड़े हुए. इन्होंने साझा बयान जारी कर हाईकमान से आग्रह किया है कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को निराश ना करें, उनके प्रयासों से ही पार्टी पंजाब में अच्छी तरह से खड़ी हुई है.
मेल-मुलाकातें सिद्धू कैंप में भी जारी हैं. कैबिनेट मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, तृप्त राजिंदर बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा इस समय सिद्धू के पाले में हैं. विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुरजीत सिंह धीमान, प्रीतम सिंह कोटभाई, कुलबीर सिंह जीरा और दविंदर सिंह गुबाया भी सिद्धू के साथ हैं. इन विधायकों के साथ खाना खाते सिद्धू की तस्वीरें भी सामने आईं. इसी तरह विधायक मदनलाल जलालपुर समेत कुछ और विधायक सिद्धू के साथ खड़े हैं.
इसी बीच, पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को पार्टी के सभी विधायकों और जिलाध्यक्षों की बैठक चंडीगढ़ में बुलाई है. बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी प्रमुख को भेजा जाएगा कि पंजाब के संबंध में वो जो भी निर्णय लेंगी, उसका सभी सम्मान करेंगे. अब देखना होगा कि सुनील जाखड़ कि बुलाई इस बैठक में कितने विधायक जुटते हैं और सिद्धू एंड सपोर्टर्स इसमें पहुंचते हैं या नहीं.