पंजाब (Punjab) के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से मुलाकात की. इस बैठक में पंजाब की सुरक्षा और सीमा पार से संभावित आतंकी खतरों को लेकर चर्चा की गई. कैप्टन ने केंद्र को बताया कि सूबे में आतंकी रेल, बस और मंदिर, RSS की शाखाओं और इसके दफ्तरों, प्रमुख किसान नेताओं और हिंदूवादी नेताओं को निशाना बना सकते हैं. इसके अलावा डेरा निरंकारी से जुड़े व्यक्तियों और इमारतों पर भी खतरा है. कैप्टन बुधवार को पीएम से भी मिल सकते हैं.
कैप्टन ने केंद्रीय गृह मंत्री से अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, फगवाड़ा और मोगा के लिए केंद्रीय हथियारबंद पुलिस बल की 25 कंपनियां देने की मांग की है. साथ ही अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात BSF के लिए एंटी-ड्रोन तकनीक की भी डिमांड की गई है. आपको बता दें कि पंजाब में पहले भी किसान आंदोलन और 15 अगस्त के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.