पाकिस्तान में इमरान सरकार के खिलाफ गोलबंद हुई पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट ने प्रशासन के फैसले के खिलाफ जाकर रैली करने का फैसला किया है. इस रैली में विपक्ष की 11 पार्टियां हिस्सा लेंगी. मुख्य तौर पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज यानि पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरियम नवाज और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी यानि पीपीपी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी समेत गठबंधन के अन्य नेता रैली को संबोधित करेंगे. वहीं पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ इस बार रैली को संबोधित नहीं करेंगे. प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को इस गठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन संवेदनहीन तरीके से लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है. बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि पाक में कोरोना की दूसरी लहर आ गई है जो कि पहले से भयावह है.