Protein rich fruits: बात जब भी प्रोटीन की होती है तो आमतौर पर हमें चिकन, मछली, अंडे, दूध-दही, नट्स जैसी चीजों का ख्याल आता है. प्रोटीन स्रोत की इस लिस्ट में हम फलों को नहीं गिनते हैं क्योंकि हमें ऐसा लगता है कि फल प्रोटीन का मुख्य स्रोत नहीं है. लेकिन आपको बता दें, बहुत कम लोग जानते हैं कि कुछ खास और आसानी से मिलने वाले फलों में भी प्रोटीन पाया जाता है जिसे आप रोज के प्रोटीन इनटेक के लिए डायट में शामिल कर सकते हैं.
एक कप अमरूद में लगभग 4.2 ग्राम प्रोटीन होता है. दूसरे फलों की तुलना में अमरूद में प्रोटीन सबसे अधिक होता है. अमरूद में खूब सारा फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं. योगर्ट या चीज़ के साथ अमरूद का स्मूदी बनाकर या फिर इवनिंग स्नैक के तौर पर रोज के डायट में शामिल कीजिए.
हेल्दी फैट के लिए जाने जाना वाला एवोकाडो प्रोटीन का बढ़िया फ्रूट सोर्स है. एक कप कटे हुए एवोकाडो में लगभग 3 ग्राम प्रोटीन होता है. एवोकाडो में केले के जितना ही पोटैशियम भी होता है और ये बैड क्लोस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है.
नॉनवेज जैसा दिखने वाला फल कटहल प्रोटीन का काफी अच्छा सोर्स होता है. बनने के बाद ये नॉनवेज जैसा लगता है. हालांकि कई लोग इसे सब्जी मानते हैं लेकिन असल में ये एक फल है. एक कप कटे कटहल में लगभग 2.8 ग्राम प्रोटीन होता है. इसके अलावा ये मैग्नीशियम से भी भरपूर होता है.
रस से भरी हरी हरी कीवी भी प्रोटीन का फ्रूट सोर्स है. एक कप कीवी लगभग 2 ग्राम प्रोटीन देती है. डायट फाइबर और विटामिन सी का ये एक बेहतरीन स्रोत तो है ही पर क्या आप जानते हैं कि कीवी के छिलके को भी खाया जा सकता है और गूदे की मुकाबले छिलके में अधिक माइक्रो न्यूट्रिएंट्स होते हैं.
कैलोरी में कम, एक कप फ्रेश खूबानी में 2.3 ग्राम प्रोटीन होता है. पोटैशियम और दूसरे एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के कारण ये आपकी स्किन, आंखों, और आंतों की हेल्थ के लिए बेहद अच्छी होती है.
हालांकि, आप प्रोटीन की अपनी डेली की जरूरत को पूरा करने के लिए इन प्रोटीन वाले फलों पर निर्भर नहीं रह सकते. लेकिन हां, अगर आप अपने डायट में इन्हें शामिल करते हैं तो ये यकीनन आपके लिए फायदेमंद होंगे.