कांग्रेस आलाकमान ने भले ही नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाकर सूबे में जारी सियासी उठा पटक पर पूर्णविराम लगाने की कोशिश की हो लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने प्रदेश में कांग्रेस के सभी विधायकों और सांसदों को लंच पर बुलाया है लेकिन इस लंच में नवजोत सिंह सिद्धू को न्यौत नहीं दिए जाने की भी खबर है. पंचकूला में होने वाले इस लंच में अमरिंदर सिंह कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं.
रविवार देर रात को सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से अभी तक कैप्टन ने उनको बधाई नहीं दी है और न ही सिद्धू ने कैप्टन को लेकर कोई बात कही है. कांग्रेस ने पंजाब में सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के साथ ही 4 कार्यकारी अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है. वहीं सिद्धू भी अध्यक्ष बनने के बाद से ही एक्शन में नजर आ रहे हैं. रविवार देर रात ही उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और इसके बाद अपनी टीम से मुलाकात की और बाद में वो नए कार्यकारी अध्यक्षों से भी मिले.
बता दें कि सोमवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पिता की एक तस्वीर भी ट्वीट की जिसमें वो पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू के साथ हैं. इस तस्वीर को ट्वीट करने के ये मायने निकाले जा रहे हैं कि सिद्धू अपने आप को पुराना और वफादार कांग्रेसी साबित करना चाहते हैं. इसके साथ ही सिद्धू ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हुए ट्वीट भी किया है.
यह भी पढ़ें: Punjab Congress: 10 विधायकों की हाईकमान से अपील- कैप्टन को निराश न करें, उन्हीं की वजह से पार्टी खड़ी हुई