पंजाब में बिजली की कटौती (Punjab power crisis) का मुद्दा राजनीतिक हो गया है. अब इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह (Amarinder singh) पर निशाना साधा है. सिद्धू ने प्राइवेट थर्मल प्लांटों के साथ किए गए समझौतों के बारे में कोई फैसला न करने को लेकर आलोचना की है.
उन्होंने कहा कि अगर सही दिशा में कोशिश करें तो पंजाब में बिजली कटौती (Power cut) की जरूरत नहीं पड़ेगी. पंजाब इस वक्त 4.54 प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली खरीद रहा है, जो नेशनल औसत और चंडीगढ़ के औसत से काफी ज्यादा है. सिद्धू बोले कि अगर मुख्यमंत्री समय रहते सही कदम उठाते तो उन्हें दफ्तरों का समय बदलने और कट लगाने की जरूरत न पड़ती. बल्कि लोगों को 24 घंटे बिजली मुहैया करवाई जा सकती थी.
नवजोत सिंह सिदधू ने ट्वीट करके कहा कि पंजाब प्रति यूनिट 4.54 रुपए की औसत लागत पर बिजली खरीद रहा है. जबकि राष्ट्रीय औसत 3.85 रुपए प्रति यूनिट का भुगतान कर रहा है. तीन प्राइवेट थर्मल प्लांट्स को पंजाब 5 से 8 रुपए प्रति यूनिट भुगतान करता है जो अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा है.