शिवसेना ने अर्नब गोस्वामी चैट लीक केस में बीजेपी पर सवाल उठाते हुए एक गंभीर आरोप लगाया है. शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में लिखा है कि पुलवामा में हमारे सैनिकों की हत्या एक राजनैतिक षड्यंत्र था. लोकसभा चुनाव जीतने के लिए इन 40 जवानों का खून बहाया गया, ऐसे आरोप उस समय भी लगे थे. अब अर्णब गोस्वामी की जो वॉट्सऐप चैट बाहर आई है, वह उन आरोपों को बल देने वाली ही है. शिवसेना ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित अनेक गोपनीय बातें गोस्वामी ने सार्वजनिक कर दीं, इस पर बीजेपी 'तांडव' क्यों नहीं करती? हिंदुस्तानी सैनिकों का व उनकी शहादत का अपमान जितना गोस्वामी ने किया है, उतना अपमान पाकिस्तानियों ने भी नहीं किया होगा.