पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव (Assembly elections in West Bengal) हारने के बाद BJP को आज एक और बड़ा झटका लग सकता है. पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद मुकुल रॉय (MP Mukul Roy) TMC में आज ही घर वापसी कर सकते हैं. समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक वे आज दोपहर 3.30 बजे TMC के किसी बड़े नेता से मिलने वाले हैं. ऐसी पुरजोर चर्चा है कि उनकी पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी (Party supremo mamta banerjee) से मुलाकात होनी है.
एक दिन पहले ही TMC सांसद सौगत रॉय (TMC MP Saugata Roy) ने इसका संकेत भी दिया था. उन्होंने कहा था कि ऐसे बहुत से लोग हैं, जो अभिषेक बनर्जी के संपर्क में हैं और वापस आना चाहते हैं. उन्होंने मुकुल रॉय को सॉफ्टलाइनर बताते हुए कहा कि मुकुल ने कभी ममता बनर्जी का अपमान नहीं किया. बता दें कि कभी TMC में नंबर-2 की हैसियत रखने वाले मुकुल रॉय TMC छोड़ने वाले शुरुआती बड़े नेताओं में शामिल थे. उन्होंने साल 2017 में ही BJP ज्वाइन कर लिया था. बताया जा रहा है कि मुकुल रॉय, बीजेपी में शुभेंदु अधिकारी के बढ़ते कद से बेचैन हैं....यही वजह है कि वह अपनी पुरानी पार्टी में वापस लौटना चाहते हैं. ऐसी संभावना है कि मुकुल रॉय के साथ कई और बीजेपी नेता TMC में वापसी कर सकते हैं.