देश में इस बार मॉनसून (Monsoon) दो दिनों की देरी से यानी 3 जून को केरल पहुंचेगा. मौसम विभाग (Weather department) के मुताबिक मामूली देरी के बावजूद पूरे देश में सामान्य बारिश (Normal rain) का अनुमान है. अच्छी बात ये भी है कि इस साल एक के बाद एक आए दो चक्रवाती तूफानों के कारण पूरे देश में कहीं भी हीटवेव नहीं चलेगी. मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट आरके जेनामणि ने इसकी पुष्टि की है.
बता दें कि समुद्री तूफान ताऊते और यास की वजह से मध्यप्रदेश, यूपी, दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मई में भी बारिश हो रही है. साथ ही बादल छाए होने की वजह से अधिकतम तापमान (Maximum temperature) भी 40 डिग्री से नीचे बना हुआ है. मई महीने में तो दिल्ली में बारिश के सारे रिकॉर्ड भी टूट चुके हैं. वैसे आम तौर पर देश में 1 जून को मॉनसून आ जाता है. मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर तक देश में मॉनसून से सामान्य बारिश होगी जिससे खेती पर अच्छा असर दिखेगा.