Heavy Rain in India: देश में गरजता-बरसता आसमान शहर दर शहर कहर ढा रहा है. बारिश के मौसम में पहाड़ से मैदान तक हाहाकार मचा हुआ है. कहीं नदी-नाले उफान पर हैं तो कहीं लैंडस्लाइड के चलते रास्ते बंद है.
कुदरत के क्रोध से पहाड़ों पर लोग कांप उठे हैं. जगह-जगह हो रही लैंडस्लाइड ने हिमाचल प्रदेश की सूरत बिगाड़ दी है. फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड की वजह से यहां अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है. शुक्रवार को नाहन में पांवटा-शिलाई के बीच NH-707 पर लैंडस्लाइड की वजह से कई लोग मुसीबत में फंस गए.
मौसम की ये मार सिर्फ पहाड़ों पर ही नहीं पड़ रही बल्कि मैदानी इलाकों में भी बाढ़ जैसे हालात के बीच लोग मुसीबत झेल रहे हैं. हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी एक बार फिर उफान पर है. ITO पर यमुना का बहाव काफी ज्यादा तेज है. यहां यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया है. जिसकी वजह से दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.
पहाड़ों में आ रही जल प्रलय के आगे यूपी भी बेबस नजर आ रहा है. उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से यूपी के 12 जिलों में नदियां उफान पर हैं. प्रयागराज, बाराबंकी, झांसी, अयोध्या, कुशीनगर, गोरखपुर, बहराइच, लखीमपुर, आजमगढ़ समेत कई जिलों में नदियों का जल स्तर बढ़ने से लोग खतरा महसूस कर रहे हैं. और इससे भी बढ़ी मुसीबत ये कि मौसम विभाग ने अगले कुछ और दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.