Mamata on NHRC & PM Modi: ममता बनर्जी ने NHRC द्वारा बंगाल हिंसा की रिपोर्ट कथित तौर पर लीक किए जाने पर पीएम मोदी पर जोरदार हमला बोला है. ममता ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि हाई कोर्ट में रिपोर्ट जमा करने की बजाय NHRC ने इसे लीक कर दिया. ममता ने पूछा कि अगर ये राजनीतिक बदले के तहत नहीं किया गया तो आखिर रिपोर्ट मीडिया में कैसे आई? ममता ने मोदी सरकार पर सेंट्रल एजेंसियों के दुरुपयोग का एक बार फिर आरोप लगाया. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग केंद्र सरकार का आयोग है.
ममता ने पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उनसे पूछा - 'पीएम मोदी अच्छी तरह जानते हैं कि यूपी में कानून का राज नहीं है. उन्होंने वहां जांच करने के लिए कितने कमीशन भेजे? हाथरस से लेकर उन्नाव तक कई घटनाएं हो चुकी हैं. पत्रकारों तक को नहीं बख्शा गया. वो सिर्फ बंगाल को बदनाम करते हैं.' ममता ने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी बंगाल की हार नहीं पचा पा रहे.
आपको बता दें कि NHRC की कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बंगाल हिंसा के दौरान ‘हत्या और रेप जैसे जघन्य अपराधों’ की जांच CBI से कराई जाए और केस राज्य से बाहर चलाए जाएं. NHRC ने अपनी रिपोर्ट में ये भी कहा है कि राज्य में कानून के शासन की जगह शासक का शासन है और बदले के तहत हिंसा हुई. इसपर सीएम ममता ने कहा कि कमाल है कि NHRC बिना राज्य सरकार से बात किए और उसका पक्ष जाने ही सीधे निष्कर्ष पर पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: बंगाल के बाद दिल्ली की दादा बनेंगी दीदी ? सोनिया, पवार समेत बड़े विपक्षी नेताओं से करेंगी मुलाकात