उत्त र प्रदेश (Uttar Pradesh) में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly elections) को लेकर BJP की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. बिहार और केन्द्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (National Democratic Alliance) में शामिल जनता दल (यूनाइटेड) (Janta Dal United) ने अब उत्तर प्रदेश की 200 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारने की बात कही है. आजतक चैनल को दिए इंटरव्यू में पार्टी महासचिव केसी त्यागी ने ये बातें कहीं. उन्होंने साल 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारने के फैसले को भी जेडीयू की गलती बताया.
केसी त्यागी ने कहा कि उनकी पार्टी NDA का हिस्सा है लिहाजा हमारी पहली प्राथमिकता भाजपा के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरने की रहेगी. सीट बंटवारे को लेकर भाजपा के साथ बात नहीं बनी तो हम किसी के साथ भी जा सकते हैं. हालांकि त्यागी ने समाजवादी पार्टी या बहुजन समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने से साफ मना कर दिया. उन्होंने कहा कि उनके मुलायम सिंह यादव के साथ अच्छे रिश्ते हैं लेकिन वे साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ सकते. इसके साथ ही त्यागी ने ये भी कहा कि हम छोटे दलों को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरेंगे.