जस्टिस एनवी रमन्ना (NV Ramana) देश के अगले मुख्य न्यायधीश (CJI) होंगे. इस पद के लिए मौजूदा चीफ जस्टिस शरद अरविंद बोबडे (SA Bobde) ने उनके नाम की सिफारिश की थी जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है. जस्टिस बोबडे 23 अप्रैल को रिटायर हो रहे हैं. पद संभालने के बाद चीफ जस्टिस के रूप में जस्टिस रमन्ना का कार्यकाल 26 अगस्त 2022 तक होगा. साल 2014 में सुप्रीम कोर्ट से पहले जस्टिस रमन्ना दिल्ली हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस थे. आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में एक किसान परिवार में जन्में जस्टिस रमन्ना का पूरा नाम नथालपति वेंकट रमन्ना है. बीएससी और वकालत की डिग्री लेने के बाद उन्होंने साल 1983 से वकालत शुरू की और वो करीब 38 साल से कानून और न्याय के क्षेत्र में अलग-अलग भूमिका निभा रहे हैं.