समर ओलंपिक के लिए जापानी एथलीट चीन में बनी वैक्सीन नहीं लगवा पाएंगे. ओलंपिक मंत्री तमायो मारुकावा ने शुक्रवार को कहा कि जापान ने चीन की वैक्सीन को मंजूरी नहीं दी है. जापान ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) द्वारा अनुमोदित चीन के उस प्रस्ताव को नहीं मानेगा जिसमें टोक्यो ओलंपिक और अगले साल खेले जाने वाले बीजिंग शीतकालीन खेलों में भाग लेने वालों के लिए टीकाकरण का प्रस्ताव दिया है. उन्होंने कहा कि हम टीकाकरण के बिना टोक्यो खेलों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महामारी को रोकने के व्यापक उपाय कर रहे हैं. हम टीकाकरण को कोई शर्त नहीं बनाने के अपने सिद्धांत पर कायम हैं. बता दें कि टोक्यो ओलंपिक को इस साल 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 के बीच आयोजित किया जाएगा.