Tokyo Olympics में भारत की 'चांदी' कराने वाली महिला वेटलिफ्टर Mirabai Chanu मंगलवार को अपने घर इंफाल पहुंची. अपने गृहराज्य पहुंचने पर चानू को ग्रैंड वेलकम मिला. खुद मणिपुर के मुख्यमंत्री N Biren Singh चानू को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे. सीएम ने गमोसा ओढ़ाकर चानू का स्वागत किया.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, 'आपको मणिपुर में वापस पाकर राज्य में हर कोई बेहद खुश है. टोक्यो ओलंपिक में आपकी उपलब्धि कोई मामूली उपलब्धि नहीं है और हमें आप पर बहुत गर्व है'.
इस मौके पर मीराबाई की मां भी मौजूद थीं. जैसे ही मीराबाई अपनी मां से गले लगीं, वो भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे. एयरपोर्ट पर सिल्वर गर्ल चानू की एक झलक पाने के लिए लोगों की बेसब्री साफ दिखाई दे रही थी. चानू के चाहने वालों ने बैंड-बाजे और तालियों के साथ अपनी स्टार का अभिवादन किया और इस ऐतिहासिक जीत के लिए उन्हें खूब बधाई दी.