टोस्ट के उपर, डिप की तरह या फिर सलाद में...एवोकाडो को कई अलग-अलग तरीकों से खाया जाता है. कीमत में महंगे बिकने वाले एवोकाडो की कई किस्में हैं लेकिन इनमें सबसे ज़्यादा पॉपुलर है गहरे रंग और उबड़-खाबड़ स्किन वाले हैस एवाकाडो. क्रीमी टेक्स्चर और टेस्ट होने की वजह से ये लोगों के बीच काफी हिट है.
लेकिन बेहद कम ही लोगों को पता होगा कि गहरे रंग और झुर्रीदार स्किन वाला एवोकाडो विटामिन और मिनरल्स का पावरहाउस है और इसी वजह से इसे सुपर फूड माना जाता है. तो अगर आप इस फल को अब भी डायट में शामिल करने के लिए वजह तलाश रहे हैं तो चलिये हम इसमें आपकी मदद करते हैं और बताते हैं इसके फायदों के बारे में.
पोषक तत्वों और फाइबर से भरपूर
यूएस नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) के मुताबिक, एवोकाडो विटामिन A, E, K, मैग्नीशियम और पोटैशियम से भरपूर होते हैं. इन पोषक तत्वों के अलावा ये फाइबर का भी बेहतरीन स्रोत है जो इसे डाइजेशन के लिए फायदेमंद बनाता है.
हेल्दी कोलेस्ट्रॉल लेवल बनाये रखने में मददगार
ब्रिटिश हार्ट फाउंडेशन के मुताबिक, एवोकाडो में फैट की मात्रा अधिक होती है, खासतौर से मोनोअनसैचुरेटेड फैट. इसलिए जब इसे हाई सैचुरेटेड फूड आइटम्स की जगह पर खाया जाता है तो ये आपके हेल्दी कोलेस्ट्रॉल लेवल को मेनटेन करने में मदद करता है.
आंखों की सेहत का रखता है ख्याल
यूएस नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) के मुताबिक, एवोकाडो में कैरोटेनॉयड्स ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन होते हैं. एवोकाडो में इनकी मौजूदगी आंखों को सेहतमंद रखने में मदद करती हैं.
लेकिन ये ध्यान में ज़रूर रखें कि आप इसे कितना खाते हैं. इसका पोर्शन कंट्रोल इसलिए ज़रूरी है क्योंकि एवोकाडो में कैलोरी की मात्रा अधिक होती है.
और भी देखें: तनाव को कम करने में मदद करेंगे ये विटामिन से भरपूर सुपरफूड्स