अगर आपने कभी सुपरमार्केट (Supermarket) जाकर हेल्दी और नरिशिंग फ़ूड का कार्नर चेक किया है तो आपको वहां कई ऐसे प्रोडक्ट्स दिख जाएंगे जिन पर हेल्दी (healthy food items), लाइट, लो फैट(low fat food), एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर, इम्यूनिटी बूस्टिंग(immunity booster) और ना जाने कितने ऐसे टैग्स लगे होते हैं जो हेल्दी साउंड करते हैं और भले ही हमने उनके बारे में पहले कभी ना सुना हो, उनके बारे में जानते भी ना हों फिर भी कितने भी महंगे होने के बावजूद एक ना एक बार तो हम उसे कार्ट में डाल ही लेते हैं. इस चक्कर में हम उस ट्रेडिशनल फ़ूड आइटम को डिस्प्ले रैक में ही छोड़ देते हैं जो आज तक हम खाते आये हैं.
इस तरीके को कहते हैं हेल्थ वॉशिंग(Health washing). सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने इसके बारे में बात की और इसे कुछ फ़ूड आइटम्स को रोमांटिसाइज करने या प्रचलित बनाने का एक तरीका बताया. उनका मानना है कि ये कुछ फ़ूड आइटम्स, न्यूट्रिएंट्स और इंग्रेडिएंट्स को पॉपुलर करने और अपना प्रॉफिट बढ़ाने के लिए बड़े बड़े ब्रांड्स द्वारा अपनाया गया तरीका है.
हेल्थ वॉशिंग की एक परेशान करने वाली बात ये है कि कई बार आपको हेल्दी पैकेजिंग में ऐसे फ़ूड आइटम्स बेचे जाते हैं जो असल में आपके लिए नुकसानदायक हैं. हम आपको बताएंगे ऐसे ही पांच फ़ूड आइटम्स के बारे में.
ट्रेल मिक्स
नट्स, सीड्स और ड्राई फ्रूट्स.......ये देखने और सुनने में कितना हेल्दी लगता है ना और ये सोच कर कि भूख लगने पर खाने के लिए ये एक बढ़िया ऑप्शन है हम इसे खरीद भी लेते हैं. ट्रेल मिक्स में मौजूद नट्स और सीड्स तो बेशक आपकी सेहत के लिहाज़ से अच्छे हैं लेकिन कई बार इनमें शुगर, चॉकलेट और कैंडीज़ मिलाकर इसका स्वाद बढ़ाने की कोशिश की जाती है जो फायदा पहुंचाने की बजाय नुकसान पहुंचा सकते हैं .
फ्लेवर्ड योगर्ट
कलरफुल योगर्ट खाने में बड़े ही डिलिशियस और फ्रूटी लगते हैं लेकिन इसमें मौजूद शुगर और फ्लेवर आपकी सेहत के लिए अच्छे नहीं माने जाते हैं. शुगर फ्री योगर्ट खाना भी इसका सोल्यूशन नहीं है क्यूंकि उसमें आर्टिफिशियल स्वीटनर हो सकता है जो कई लोगों में पाचन संबंधी परेशानियां पैदा कर सकता है. इसलिए योगर्ट की बजाय दही को अपनी डाइट में शामिल करें .
बेक्ड चिप्स
आजकल बेक किये हुए वेजटेबल चिप्स डाइट कॉन्शियस लोगों के बीच काफी ज़्यादा पॉपुलर हो रहे हैं और सुनने में इसमें कुछ अन्हेल्दी भी नहीं लगता. लेकिन क्या आप जानते हैं इन वेजटेबल चिप्स में आपको सब्ज़ियों का पोषण नहीं मिलता है. दूसरे चिप्स की तरह ये भी कार्ब्स से भरपूर होते हैं जो आपको ज़्यादा देर तक भरा हुआ नहीं रखते और आप बार बार कुछ ना कुछ खाते रहते हैं और अपनी बॉडी में कैलोरीज़ बढ़ाते जाते हैं .
फ्लेवर्ड ओटमील या ग्रेनोला
काम करते करते भूख लगी तो उठाई एक ग्रेनोला बार और खा ली और कुछ अन्हेल्दी खाने का गिल्ट भी नहीं हुआ. ऐसा ही सोचते हैं ना आप इन्हे खरीदते समय? तो आपको बता दें कि बेशक ओटमील फाइबर से भरपूर होता है, इसमें प्रोटीन और आयरन कंटेंट भी मौजूद होता है. लेकिन इसके ये सारे फायदे ख़त्म हो जाते हैं जब इसके साथ मेपल सीरप, चीनी में मिले ड्राई फ्रूट्स और ऑयल मिला दिए जाते हैं. इसलिए बाजार से प्लेन ओटमील खरीदें और अपने पसंद की टॉपिंग के साथ एन्जॉय करें .
रोस्टेड नट्स
नट्स प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं लेकिन पैकेज्ड नट्स के बारे में ये बात कह पाना थोड़ा मुश्किल है. सब तरह के रोस्टेड नट्स नुकसानदायक नहीं होते लेकिन हनी रोस्टेड या स्मोक्ड चीज़ आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसमें मौजूद नमक, चीनी और कैलोरीज आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक है.