बुधवार सुबह कुंभ में तीसरे शाही स्नान के दौरान एक बार फिर लाखों की संख्या में भीड़ हरिद्वार के घाटों पर नजर आई. देश के अलग अलग हिस्सों से आए साधु-संतों और लोगों ने गंगा में स्नान किया हालांकि इस दौरान कोरोना भी तेजी से हरिद्वार में आने पांव पसार रहा है. बीते दो दिनों के दौरान हरिद्वार में कोरोना के एक हजार नए केस मिले हैं और शहर में सक्रिय मरीजों की संख्या 2,812 पहुंच गई. सोमवार को हरिद्वार में 408 कोरोना के नए मरीज सामने आए थे. जबकि मंगलवार को ये संख्या 594 रही. जानकार इस बढ़ती संख्या के पीछे शहर में आ रही लाखों की भीड़ को जिम्मेदार मान रहे हैं. लोगों की तादाद इतनी ज्यादा है कि चाह कर भी सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना के दूसरे नियम लागू नहीं किए जा पा रहे. सरकार और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है लेकिन उसके खुद के इंतजाम भी नाकाफी साबित हो रहे हैं. ऐसे में कुंभ मेला क्षेत्र में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.